रामनगर। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि टांडा मल्लू, गंगापुर गोसाईं, गुमानपुरा और पीरूमदारा में थोक व फुटकर किराना एवं मिठाई की दुकानों से फ्रेश क्रीम, डबल टोंड दूध, सोन पापड़ी और बेसन के लड्डू के चार नमूने लिए। बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक रूप से बीमार युवती के गर्भवती होने की आशंका
रामनगर। रामनगर क्षेत्र में घूम रही एक मानसिक रूप से बीमार युवती के गर्भवती होने की आशंका से स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। स्थानीय लोग उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि करीब 25 वर्षीय यह युवती पर्वतीय क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस की देखरेख में अस्पताल में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर उसके भाई को भी अस्पताल बुला लिया है।