नैनीताल। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को रामनगर और हल्द्वानी में मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीमों ने कुल 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। हल्द्वानी में घी और खुले दूध के तीन नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए। रामनगर में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में टीम ने चार प्रतिष्ठानों की जांच की। टनकपुर रोड पर मिली शिकायत पर भी कार्रवाई हुई। निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने और अवधि पार खाद्य सामग्री न रखने के निर्देश दिए गए। उपभोक्ताओं को भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने बताया कि मिलावट रोकने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। माई सिटी रिपोर्टर