धानाचूली (नैनीताल)। क्षेत्र के शिवालबाड़ी के जंगलों में मंगलवार सुबह लगी आग को कड़ी मशक्कत के बाद शाम तक काबू पा लिया गया। हालांकि तल्ला रामगढ़ के आगे हल्ली, हरतपा गांव के जंगलों में रात तक आग की लपटें दिखती रहीं। शिवालबाड़ी निवासी दीपक बोरा ने बताया कि सुबह जंगल से धुआं उठता दिखा। इसके बाद ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए थे। तल्ला रामगढ़ से आगे स्थित हली हरतपा गांव के जंगलों में रात तक कई जगहों से लपटें उठती रहीं। हली हरतपा के मोहन सिंह ने बताया कि आग लगातार फैल रही है और रात के समय इसे बुझाना और भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।