धानाचूली (नैनीताल)। धारी क्षेत्र में बीते कुछ समय से होटल और रिजॉर्ट संचालकों की ओर से देर रात चलाए जा रहे डीजे नाइट और तेज संगीत से ग्रामीण परेशान हैं। कोकिलबना के गोपाल सिंह ने बताया कि वीकेंड और पर्यटक सीजन में यह समस्या और बढ़ जाती है। तेज आवाज के चलते बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। चौखुटा के मदन सिंह ने बताया कि डीजे की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देती है। कुछ लोगों ने इसे ध्वनि प्रदूषण के नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। धारी एसडीएम अंशुल भट्ट ने बताया कि रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि में डीजे बजाना नियमों के खिलाफ है। शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।