भीमताल (नैनीताल)। हल्द्वानी शहर के लिए महत्वपूर्ण गौला बैराज-अमृतपुर एचएमटी बाईपास मार्ग निर्माण की फाइल शासन में अटकने के बाद योजना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सब कुछ तय होने के बाद भी मार्ग निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने को अब चुनाव वर्ष से जोड़कर देखा जाने लगा है। तो क्या शासन से इस फाइल को चुनाव के वक्त हरी झंडी मिलेगी ताकि चुनाव में इसका फायदा मिल सके? यह सवाल अब यहां लोगों के मन में उठ रहा है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से काठगोदाम गौला बैराज से अमृतपुर एचएमटी तक 3.50 किमी टू-लेन सड़क का निर्माण कार्य जाना है। इसके लिए भारत सरकार के वन मंत्रालय तक से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। 75 मीटर स्पान पुल का निर्माण कार्य गौला नदी में किया जाएगा। सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग ने बाईपास निर्माण कार्य को लेकर डीपीआर शासन भेज दी है। लेकिन अभी तक शासन से बाईपास निर्माण कार्य को लेकर शासनादेश जारी नहीं हो पाया है। इसके चलते काम शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण इस बार भी पर्यटन सीजन में यात्रियों और सैलानियों को जाम का सामना करना पड़ेगा।
बाईपास बनने की स्थिति में काठगोदाम से रानीबाग तिराहे तक लगने वाले जाम से निजात मिलने के साथ अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, बागेश्वर, धारचूला, भीमताल, भवाली और हल्द्वानी की तरफ आने और जाने वाले यात्रियों की यात्रा सरल हो जाएगी। मगर केंद्र की स्वीकृति के बाद भी शासन स्तर पर फाइल अटकने के लिए कारण लोग अब इस पर सवाल उठा रहे हैं।