भीमताल (नैनीताल)। कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल मंगलवार को यात्रा पूरी कर भीमताल के पर्यटक आवास गृह पहुंचा। केमवीएन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा में कुल 49 श्रद्धालु शामिल रहे। दिल्ली निवासी श्रद्धालु शिवदत्त जैमिनी ने कहा कि यात्रा कर वह धन्य हो गए। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य सरकार और केएमवीएन की ओर से इंतजार बेहतर किए गए थे। जयपुर की बीना मेड़तवाल ने कहा कि कैलाश मानसरोवर में भगवान शिव की परिक्रमा कर बहुत अच्छा लगा। दिल्ली की प्रीति सैनी ने कहा कि यात्रा करके भगवान शिव के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। यात्रा में 15 महिला और 34 पुरुष श्रद्धालु शामिल रहे। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक से 2- 2, दिल्ली 7, गुजरात, हरियाणा 3-3, झारखंड, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड से 1-1, महाराष्ट्र 9, राजस्थान 12 और उत्तर प्रदेश से पांच श्रद्धालु शामिल रहे। इस दौरान पर्यटन विकास अधिकारी भगवती लोहनी, मैनेजर संजय कुमार, बीसी पाटनी, ललित तिवारी, जानकी आर्या, रोहित आदि मौजूद रहे।