रामनगर। ग्राम मालधनचौड़ में करंट से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। बृहस्पतिवार की रात मालधनचौड़ नंबर-8 निवासी बलदेव सिंह (36) वर्ष पुत्र बहादुर राम अपनी भैंस ढूंढने के लिए अपने साथियों के साथ जंगल गया था।
बताया जाता है कि गांव में एक युवक ने अपने खेत में वन्य जीवों को रोकने के मकसद से बिजली की तार लगाकर उसमें करंट छोड़ा था। भैंस खोजते हुए बलदेव जैसे ही खेत के पास पहुंचा तो वह बिजली के तारों की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साथ में गए ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर मालधन चौकी इंचार्ज श्वेता नेगी ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनो को सौंप दिया।
मृतक के परिजनों ने एक युवक पर बलदेव सिंह की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिये हिरासत में ले लिया है। लेकिन मृतक के परिजनों की ओर से इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है।