आईओसी के लालकुआं डिपो में रविवार को पेट्रोलियम पदार्थों की रैक पहुंच गई। रैक उतरते ही कुमाऊं के सभी जिलों के लिए पेट्रोल और डीजल के टैंकर रवाना किए गए। अगले चार दिनों तक इससे कुछ राहत मिलेगी। वहीं, रविवार को हल्द्वानी में पेट्रोल और डीजल की मारामारी रही। अधिकतर पंप ड्राई होने से ग्राहक भटकते रहे।
कुमाऊं में पेट्रोल और डीजल का संकट बना हुआ है। यहां आईओसी का सबसे बड़ा मार्केट है। आईओसी के लालकुआं डिपो में मथुरा और पानीपत से ईंधन की आपूर्ति होती है। पानीपत से आपूर्ति बाधित होने से संकट खड़ा हुआ है। रविवार को आईओसी लालकुआं डिपो खुला रहा। डिपो में 2200 केएल डीजल और 1200 केएल पेट्रोल की रैक पहुंची।
डीएसओ तेजबल सिंह के मुताबिक रैक उतरते ही कुमाऊं के सभी जिलों के लिए ईंधन की आपूर्ति शुरू कर दी गई। नैनीताल जिले को 200 केएल पेट्रोल और 300 केएल डीजल आवंटित हुआ। डीएसओ के मुताबिक रैक पहुंचने के बाद आने वाले चार दिनों के लिए थोड़ी राहत मिलेगी। बीपीसी और एचपीसी को भी दूसरे दिन आपूर्ति मिली।