हल्द्वानी में डीआईजी कैंप कार्यालय के पास सीपीयू ने पकड़ा मावा। अमर उजाला
हल्द्वानी। सीपीयू ने डीआईजी कैंप कार्यालय के पास चेकिंग के दौरान आटो को रोककर चार क्विंटल मावा पकड़ा। पूछताछ से पता चला कि मावा काशीपुर से पहाड़ भेजा जा रहा था। जीएसटी की टीम ने जांच के बाद 8400 रुपये का जुर्माना लगाया है। पूर्ति विभाग की टीम ने कोतवाली में सैंपल भरे।
सीपीयू प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि एक टेंपो चालक कालाढूंगी रोड स्थित बाजपुर बस अड्डे से आ रहा था। टीम के उपनिरीक्षक सुभाष जोशी और सिपाही इरफान ने लाइसेंस चेक करने के लिए आटो को रोका। चालक ने बताया कि आटो में लदे 15 कट्टों में मावा है, जिससे दुर्गंध आ रही थी। मावा को वह केमू बस अड्डे तक लेकर जाएगा।
जांच के दौरान ऑटो चालक वहीद के पास से 40 किलोग्राम मावे की रसीद मिली। सीपीयू प्रभारी ने बताया कि थाने में मावा आने पर जीएसटी ने कर चोरी के आरोप में मावा स्वामी पर 8400 रुपये का जुर्माना लगाया है। सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावे के प्रत्येक कट्टे से सैंपल लिए।
इन कट्टों पर अल्मोड़ा का पता लिखा था।
खाद्य सुरक्षा निरीक्षक कैलाश टम्टा ने बताया कि 15 कट्टों में चार क्विंटल से अधिक मात्रा में मावा मिला है। सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा। जीएसटी अधिकारियों का कहना है कि 40 किलो मावे का ही बिल है, बाकी मावे पर टैक्स की वसूली होगी।