नैनीताल जिले की 17 दोहनिया जिला पंचायत सीट पर निचली अदालत के फैसले के बाद मंगलवार को पुन: मतगणना हुई, जिसमें जीत के फासले में 6 मतों का अंतर आया। पिछले वर्ष हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जिला पंचायत सदस्य सीट पर दूसरे स्थान पर रहे उमापति तिवारी की याचिका पर कोर्ट ने यह फैसला दिया।
भारी सुरक्षा के बीच पुन: मतगणना हुई। नैनीताल जिले के ब्लाक कोटाबाग अंतर्गत 17 दोहनिया जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस के महेंद्र चौधरी ने जीत हासिल की थी, जबकि 32 मतों के अंतर पर निर्दलीय प्रत्याशी उमापति तिवारी दूसरे स्थान पर रहे थे। तिवारी ने कई बूथों पर मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए निचली अदालत में याचिका दायर की थी। इस पर अदालत ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पुन: मतगणना के आदेश दिए।
मंगलवार को ब्लाक सभागार में उपजिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपनिदेशक रेशम अरविंद ललोरिया एवं उपनिदेशक जलागम पीके सिंह की देखरेख में 24 बूथों पर पडे़ मतों की पुन: मतगणना हुई। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। उपजिलाधिकारी उपाध्याय ने बताया कि पुन: मतगणना में जिला पंचायत सदस्य महेंद्र चौधरी एवं दूसरे स्थान पर रहे उमापति तिवारी के मध्य 32 मतों के मुकाबले 26 मतों का अंतर आया। उन्होंने बताया कि मतगणना की रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को प्रेषित की जा रही है। पुन: मतगणना में सभी 15 प्रत्याशियों को बुलाया गया था, किंतु अधिकांश प्रत्याशी नहीं पहुंचे।
फोटो- ब्लाक सभागार में पुन: मतगणना करते अधिकारी।