फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uk: भोजनमाताओं ने मानदेय समेत विभिन्न मांगों के लिए किया प्रदर्शन, सीएम को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा

Tue, 03 Feb 2026 10:50 AM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी

सार

न्यूनतम वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर हल्द्वानी में भोजनमाताओं ने धरना-प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान जिले के करीब 1344 स्कूलों में उन्होंने मध्याह्न भोजन नहीं बनाया।
विज्ञापन
एसडीएम कोर्ट में प्रदर्शन करती भोजन माताएं। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हल्द्वानी में न्यूनतम वेतन निर्धारण सहित अन्य मांगों के लिए सोमवार को प्रगतिशील भोजनमाता संगठन के आह्वान पर भोजनमाताओं ने धरना प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क में जमकर नारेबाजी करते हुए आर्थिक शोषण और कार्यस्थल पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आक्रोश जताया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान जिले के करीब 1344 स्कूलों में उन्होंने मध्याह्न भोजन नहीं बनाया। अधिकारियों के अनुसार प्रधानाचार्यों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कहा गया था।

बुद्ध पार्क में सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार की घोषणा के बावजूद बढ़ा हुआ मानदेय अब तक लागू नहीं हो पाया है। उनसे स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी के काम भी कराए जाते हैं। रसोई गैस और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बाद भी समय पर भोजन बनाने का दबाव बनाया जाता है। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन करने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान को ज्ञापन देते हुए मांगें पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी। वहां महामंत्री रजनी जोशी, पुष्पा कुड़ाई, चंपा गिनवाल, हेमा, उमा, दीपा बिष्ट, हीरा, इंदू रैक्वाल, दीपा उप्रेती, ममता आदि मौजूद थीं।

यह थी भोजन माताओं की प्रमुख मांगे

न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये करने

गैर-निर्धारित कार्यों पर रोक लगाने

घोषित मानदेय का तत्काल लागू करने

बच्चे कम होने पर स्कूल से निकालने वाले जीओ को रद्द

सेवानिवृत्त भोजनमाताओं को जीवन यापन के लिए सम्मान जनक धन राशि देने

अतिरिक्त काम का दबाव न हो

नियमितिकरण के लिए ठोस नीति निर्माण

चतुर्थ कर्मचारी का दर्जा दिया जाए

सभी स्कूलों में गैस सिलेंडर की सुविधा हो

अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा बनाए जाने वाले खाने पर रोक लगाई जाए

कार्यस्थल पर शोषण को रोकने के लिए सख्त आदेश जारी हो

सामाजिक सुरक्षा व भविष्य निधि की सुविधा मिले ।

कार्य बहिष्कार की चेतावनी

नैनीताल। भोजनमाताओं ने तल्लीताल डांठ पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ब्लॉक अध्यक्ष तुलसी देवी ने कहा कि भोजनमाताएं लंबे समय से न्यूनतम वेतन और स्थायी नौकरी के लिए संघर्ष कर रही हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। वहां अनीता देवी, पुष्पा जलाल, सीमा देवी, सुशीला, चंपा देवी, लता आदि मौजूद रहीं। 

विज्ञापन


रामनगर में निकाला जुलूस

 रामनगर में भोजनमाताओं ने कार्य बहिष्कार कर लखनपुर शहीद पार्क से तहसील तक जुलूस निकाला। उन्होंने सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शारदा देवी, तुलसी छिम्वाल आदि मौजूद रहीं। संवाद

वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए विद्यालयों में बना भोजन

भीमताल/हल्द्वानी। भोजनमाताओं की हड़ताल के कारण जिले भर में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था प्रभावित हुई। जिले के करीब 1344 स्कूलों में भोजनमाताओं की ओर से भोजन नहीं बनाया गया। जिला माध्यमिक शिक्षाधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने बताया कि भोजनमाताओं की हड़ताल को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था कर भोजन बनाया गया। हल्द्वानी के बीईओ तारा सिंह का कहना है कि हड़ताल के बारे में पत्र पूर्व में ही प्राप्त हो गया था। इसलिए सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए थे। डीईओ बेसिक एचबी चंद ने बताया कि किसी भी स्कूल से मिड डे नहीं बनने की सूचना या शिकायत देर शाम तक नहीं मिली है। 

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें