नैनीताल। कोरोना के संक्रमण के फैसले के खतरे को देखते हुए मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने कमिश्नरी कार्यालय के कर्मचारियों को 25 मार्च तक अपने घर से ही विभागीय कामकाज निपटाने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कर्मचारियों को दफ्तर में बुला लिया जाएगा।
मुख्य सचिव स्तर से जारी आदेश के बाद मंडलायुक्त रौतेला ने कमिश्नरी कर्मचारियों के लिए यह आदेश जारी किया है। आदेश में कहा कि कमिश्नरी में कर्मचारियों एवं बाहरी व्यक्तियों के आवागमन को देखते हुए 25 मार्च तक आयुक्त कार्यालय में कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहेंगे। कमिश्नरी के कर्मचारी अपने घरों में रहकर जनहित में शासकीय कार्यों को संपादित करेंगे और दूरभाष पर उपलब्ध रहेंगे।
रौतेला ने शासकीय कार्यों को संपन्न कराने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनवाते हुए अपर आयुक्त को ग्रुप एडमिन की जिम्मेदारी सौंपी है। कहा कि समस्त कार्मिक व्हाट्स एप ग्रुप पर भेजे जाने वाले महत्वपूर्ण शासकीय संदेशों और निर्देशों को प्राप्त करने के लिए सजग और सतर्क रहेंगे। संदेशों एवं आदेशों का अनुपालन करेंगे। सभी कार्मिक दूरभाष पर भी उपलब्ध रहेंगे।