फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: आखिर काबू में आया हमलावर बाघ

Thu, 22 Feb 2024 02:37 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर (नैनीताल)। वन विभाग की टीम ने मंगलवार की रात आखिरकार बाघ को पकड़ लिया है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला जोन में बाघ के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। पकड़े गए बाघ के सैंपल की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस बात का पता चल पाएगा कि इसने ही तीनों महिलाओं का मारा है या नहीं। बाघ को ढेला रेस्क्यू सेंटर पहुंचा दिया गया। बाघ के पकड़े जाने की सूचना पर रात में ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे गए थे।
विज्ञापन



हमलावर बाघ को पकड़ने के लिए कॉर्बेट पार्क और वेस्टर्न सर्किल की टीम जुटी थी। टीमें बाघ की लोकेशन को ड्रोन से ट्रेस कर रहीं थीं लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ रहा था। सोमवार रात बाघ ने जंगल में एक मवेशी का शिकार किया था। मारे गए मवेशी के पास दोबारा आने की उम्मीद में वनकर्मियों ने निगरानी बढ़ा दी थी। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे जब बाघ अपने किए गए शिकार के पास पहुंचा तो कॉर्बेट पार्क के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा और डॉ. हिमांशु पांगती की टीम ने बाघ को ट्रैंक्यूलाइज गन से डॉट मारकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वनकर्मियों व रेस्क्यू टीम ने बाघ को पकड़कर पिंजरे में डाल ढेला रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।



कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. धीरज पांडेय का कहना है कि वनकर्मियों व रेस्क्यू टीम की मेहनत से सात वर्षीय नर बाघ को पकड़ लिया है। अब बाघ के सैंपल कोशिकीय एवं आण्विक जीव विज्ञान केंद्र हैदराबाद भेजे जा रहे हैं। इसके बाद ही इस बात की पुष्टि होगी कि इसने ही कलावती देवी और दो अन्य महिलाओं को निवाला बनाया था या नहीं।
विज्ञापन




अभी वन क्षेत्र में न जाएं ग्रामीण : सीटीआर निदेशक



सीटीआर निदेशक डॉ. धीरज पांडेय ने बताया कि ग्रामीण वन क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें। क्षेत्र में कैमरा ट्रैप से मॉनिटरिंग की जा रही है। स्कूली बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने के लिए वनकर्मियों की तैनाती जारी रहेगी। यदि ग्रामवासियों को क्षेत्र में किसी अन्य बाघ की मौजूदगी के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रमाण मिलें तो इसकी सूचना तत्काल ढेला रेंज ऑफिस या निकटवर्ती वन चौकी में अवश्य दें। ऑपरेशन में मुख्य तौर पर डीएफओ कालागढ़ आशुतोष सिंह, पार्क वार्डन अमित ग्वासीकोटी, एसडीओ डॉ. शालिनी जोशी, रेंजर अजय कुमार ध्यानी आदि रहे।



बाघ देखने के लिए रात में पहुंचे ग्रामीण



ढेला रेंजर अजय ध्यानी ने बताया कि जिस स्थान पर बाघ को पकड़ा गया था, उससे कुछ दूरी पर एक शादी समारोह चल रहा था। जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि बाघ पकड़ा गया है तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण को बताया गया कि बाघ बेहोश है, इसे समय रहते रेस्क्यू सेंटर पहुंचाना होगा।



गर्जिया मां के आशीर्वाद से पकड़ा गया बाघ : रेंजर



रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला जोन में हमलावर हुए बाघ को पकड़ने से पहले ढेला रेंजर ने गर्जिया माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मां से बाघ के जल्द पकड़े जाने की मन्नत मांगी थी। ढेला रेंजर अजय कुमार ध्यानी ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले चार्ज लिया था। जब से वह यहां पर आए हैं, तब से बाघ का आतंक बना हुआ है। बाघ आए दिन महिलाओं को शिकार बना रहा था। इस पर वनकर्मियों ने उन्हें गर्जिया माता मंदिर में दर्शन कर मन्नत मांगने को कहा। इस पर वह मंगलवार सुबह छह बजे गर्जिया माता मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूजा के बाद लौटने के दौरान उन्हें बाघ के दर्शन हुए। गर्जिया माता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ और मंगलवार रात बाघ पकड़ा गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें