हल्द्वानी नैनीताल रोड पर जाम में फंसी एम्बुलेंस व हंगामा करते लोग। फोटोःमेल से
हल्द्वानी। नैनीताल हाइवे पर बीयरशिवा स्कूल के पास एक एंबुलेंस और कार में टक्कर के बाद जाम लग गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। जाम के चलते एंबुलेंस में बैठे मरीज को आधे घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष ने अब तक मामले में तहरीर नहीं सौंपी है।
नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल से शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार से जा रही एंबुलेंस के चालक ने बीयरशिवा स्कूल के सामने आगे जा रही कांग्रेस नेता की कार को पीछे से टक्कर मार दी। एंबुलेंस चालक मरीज को लेकर जा रहा था। इस बीच वह हूटर भी बजा रहा था। टक्कर लगते हुए मौके पर हंगामा हो गया। इस कारण एंबुलेंस में बैठे मरीज को काफी परेशानी हुइ। सूचना पर भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच से पता चला कि एंबुलेंस चालक को रास्ते पर दो बसों ने साइड भी दिया, लेकिन कार चालक कांग्रेस नेता उसे साइड ही नहीं दे रहा था। कार द्वारा अचानक ब्रेक मारने पर पीछे से एंबुलेंस टकरा गई।
कांग्रेस नेता का कहना था कि उसके सामने एक स्कूटी सवार महिला अचानक आ गई। महिला स्कूल से अपने बच्चों को लेकर आ रही थी, जिसे बचाने के लिए उसने ब्रेक लगाया तो पीछे से आ रही एंबुलेंस ने कार में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों चालकों के बहस करने पर नैनीताल हाइवे पर करीब आधा घंटे तक जाम लग गया। एंबुलेंस में 25 एकड़ लालकुआं निवासी बल बहादुर सिंह मौजूद थे। अस्पताल से इलाज कराने के बाद घायल बल बहादुर अपने घर जा रहे थे। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप नगरकोटी ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या मामले में एंबुलेंस चालक की गलती लग रही है, बहरहाल मामले में किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है।