हल्द्वानी। प्रशासन और पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) की मीटिंग सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में हुई। मीटिंग का उद्देश्य था कि अभिभावकों की शिकायतों को दूर करना। पर कई स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तक हो चुकी है। चाय-नाश्ते के बीच मीटिंग सौहार्दपूर्ण वातावरण में खत्म हो गई है। तमाम बातों के बीच केवल ड्राइवर की ड्रेस पर ही फैसला हुआ है। वहीं, अभिभावक भी लिखित में शिकायत करने में पीछे हैं। प्रशासन के दावों के अनुसार किसी अभिभावक संघ ने कोई शिकायत नहीं की है। स्थिति यह है कि अभी तक महज केवल एक अभिभावक शिकायत आयी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अभिभावकों को सबसे ज्यादा शिकायत रि-एडमिशन फीस को लेकर होती है, उनका कहना होता है कि नयी क्लास में जाने पर एक मुश्त काफी फीस ली जाती है। जिसकी व्यवस्था करना मुश्किल होता है। इसके अलावा निश्चित दुकान से ही किताब, ड्रेस आदि लेने को कहा जाता है।
इन शिकायतों को सिटी मजिस्ट्रेट ने जब पीएसए के सामने रखा, तो पदाधिकारियों ने अपने तर्क रखे। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह का कहना था कि अगर किसी को शिकायत है, तो वह कार्यालय में कर सकता है। मीटिंग में तय हुआ कि स्कूल बस के ड्राइवर ड्रेस पहनेंगे। उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस होगा जो कि गले में टांगे रखना होगा। मीटिंग में पीएसए अध्यक्ष गोपाल बिष्ट, महामंत्री कैलास भगत, पूर्व अध्यक्ष दीपक बल्यूटिया समेत विभिन्न स्कूलों के प्रबंधक शामिल हुए।
स्कूल की फीस ज्यादा, जांच
हल्द्वानी। डीएम दीपक रावत का कहना है कि कुछ स्कूलों की फीस में काफी वृद्धि करने की जानकारी सामने आयी है। इसकी जांच कराई जा रही है। स्कूलों का फीस स्ट्रक्चर भी मांगा गया है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया पूरी
हल्द्वानी। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन और प्रशासन की मीटिंग तब रखी गई, जब कई स्कूलों में एडमिशन आदि की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अभिभावकों ने बच्चों की ड्रेस, किताब आदि सब खरीद लिया है। ऐसे में मीटिंग के बाद कोई सीधा लाभ अभिभावकों को मिलेगा, उसकी संभावना कम ही है।