प्रशासन की ओर से पूर्व में कैंची धाम तहसील क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले बीस लोगों को नोटिस भेजकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी ने बताया कि सड़क किनारे लोगों ने अतिक्रमण करते हुए दुकानें और मकान बनाए थे। उन्होंने कहा कि पूर्व में नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर शनिवार को जेसीबी से अतिक्रमण को हटाते हुए सीज की कार्रवाई की गई है। तहसीलदार ने कहा कि जल्द शेष अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया जाएगा।
जलभराव की स्थिति को देखते हुए नालों के ऊपर से हटाए 25 अतिक्रमण
रामनगर।
मानसून सीजन में बारिश के चलते होने वाले जल भराव की समस्या को देखते हुए नगर पालिका की टीम ने अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने नालों के ऊपर अतिक्रमण करने वालों पर शिंकजा कसने की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके क्रम में शनिवार को 25 पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिारी आलोक उनियाल ने बताया कि बरसात के मौसम में नालों और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण से जलभराव और आपदा की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो और लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। बताया कि शनिवार को काशीपुर रोड पर अभियान चलाते हुए टीम ने नालों के ऊपर बने 25 पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि टीम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।