कुमाऊं स्तरीय चतुर्थ कैप्टन आशीष साह टेनिस प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित। संवाद
नैनीताल। कुमाऊं स्तरीय कैप्टन आशीष साह चतुर्थ टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष ओपन सिंगल्स का खिताब नैनीताल के अमर जगाती के नाम रहा। रविवार को न्यू क्लब ग्रेविल कोर्ट में फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में पुरुष ओपन सिंगल इवेंट में नैनीताल के अमर जगाती ने मोहित सिंह राठौर को 7-4 से हराया। डबल्स में भास्कर साह व अमर जगाती को रामनगर के सुमित तिवारी व मानस तिवारी ने 7-4 से हराया। 35 प्लस आयुवर्ग के सिंगल इवेंट में नैनीताल के अमर जगाती ने रामनगर के मोहित सिंह राठौर को 7-1 से हराया।
डबल्स में नैनीताल के अमर जगाती व भास्कर साह ने रामनगर के मोहित सिंह राठौर व राजीव तिवारी को 7-2 हराया। 45 प्लस आयुवर्ग के डबल्स में सुमित गोयल व शिवेश्वर सिंह ने 7-2 से रामनगर के कमल सती व ललित मोहन जोशी को हराया। सीनियर टेनिस इवेंट में 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सिंगल में हरीश प्रसाद ने बृज मोहन सिंह बिष्ट को 7-2 और डबल्स में हल्द्वानी के हेम कुमार पांडेय व हरीश प्रसाद ने नैनीताल के जीएल साह व अजय एलहंस को 7-2 से मात दी। इस मौके पर मुख्य अतिथि आशुतोष जगाती, गौरव पांडेय, सुमित गोयल आदि रहे।