नैनीताल। डीएसबी परिसर के वाणिज्य विभाग में आयोजित फ्यूचर फॉरवर्ड गाइडेंस फ्रॉम इंडस्ट्री एंड फाइनेंस एक्सपर्ट विषयक व्याख्यान में छात्रों के लिए बड़े अवसरों का रास्ता खुला है। मुख्य अतिथि एलारा कैपिटल लंदन के सीईओ एवं डीएसबी के पूर्व छात्र राज भट्ट ने परिसर में टेलीकॉम कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इससे छात्रों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग और सर्टिफिकेट उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य अतिथि राज भट्ट ने बताया कि उन्होंने सीए की तैयारी की और ऑल इंडिया रैंक के साथ परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि वह हर साल उत्तराखंड के 500 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने प्रियंका नयाल (सीए तैयारी) और दृष्टिबाधित शैलेंद्र यादव (एआई शोध) जैसी छात्रों की मेहनत की सराहना की। टेलीकॉम कंप्यूटर सेंटर की घोषणा करते हुए राज भट्ट ने बताया कि बेंगलुरु की टेलीकॉम कंपनी छात्रों को प्रशिक्षण व सर्टिफिकेट देगी। ऐसे छात्र जो फीस देने में सक्षम नहीं होंगे, उनका खर्च वह स्वयं उठाएंगे। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से वाणिज्य विभाग के टॉपर छात्रों को 50 हजार और इतिहास विभाग के टॉपर को 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है। उन्होंने छात्रों को जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बनने की सलाह दी। कार्यक्रम में कुमाऊं विवि की वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, डीएसडब्ल्यू प्रो. संजय पंत, प्रो. अतुल जोशी, विजिटिंग प्रोफेसर निदेशालय के निदेशक प्रो. ललित तिवारी, डॉ. आरती पंत, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जीवन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।