गौला नदी में युवक के शव को ढुंढने के लिए सर्च अभियान चलाती एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी चोरगलिया रोड पर गौला पुल से रविवार शाम एक किशोर ने नदी में कूद मार दी। यह देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस, एसडीएआरफ, दमकल कर्मियों और गोताखोरों ने किशोर की तलाश में सर्च अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चले अभियान में किशोर का पता नहीं चला। सोमवार सुबह से टीम फिर से रेस्क्यू अभियान चलाएगी।
रविवार शाम करीब पांच बजे गौला पुल के पास लोग टहल रहे थे। इसी बीच किशोर एकाएक पुल से नीचे नदी में कूद गया। इससे वहां लोगों में खलबली मच गई। देखते ही देखते पुल के एक ओर से लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर एसडीएआरफ, दमकल कर्मियों और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचे। करीब 100 मीटर के दायरे में 15 से अधिक कर्मचारियों की टीम किशोर की खोज में जुटी रही लेकिन सफलता नहीं मिली। नदी में पानी का बहाव तेज होने और कुछ जगह पर 15 से 20 फुट गहराई के चलते टीम को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। रात 8:30 बजे के बाद टीम ने अभियान रोक दिया। इस बीच एसपी सिटी मनोज कत्याल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से नाबालिग के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
करीब साढ़ तीन घंटे तक सर्च अभियान चलाने के बाद रोक दिया गया है। नाबालिग की ढूंढखोज को सोमवार सुबह फिर से अभियान चलाया जाएगा। नाबालिग कौन था और यहां कैसे पहुंचा, इसका पता लगाया जा रहा है। -मनोज कत्याल, एसपी सिटी