रामनगर अस्पताल में किशोरी के बारे में जानकारी देते परिजन।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं किशोरी के परिजनों ने आरोप लगाया कि झोलाछाप के गलत इंजेक्शन से उनकी बेटी की मौत हुई है। शिकायत पर पुलिस बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
पुलिस के अनुसार बासी टीला निवासी पप्पू विश्वास ने बताया कि उसकी बेटी रितु विश्वास (15) को मंगलवार सुबह पेट में दर्द हो रहा था। इस पर उसे पीरूमदारा क्षेत्र के गुमानपुर चौराहा स्थित एक झोलाछाप को दिखाया। डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन लगाया तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। शाम चार बजे तक डॉक्टर इलाज करता रहा, लेकिन जब स्थिति और बिगड़ गई तो वह खुद किशोरी को लेकर रामनगर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने रितु को मृत घोषित कर दिया। इस पर आरोपी झोलाछाप मौके से भाग गया। किशोरी की मौत पर परिजनों ने झोलाछाप पर गंभीर आरोप लगाए और अस्पताल प्रशासन ने सूचना पुलिस को दी। एसआई सिमरन ने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।