हल्द्वानी के राजेंद्र नगर क्षेत्र में पेयजल संकट के चलते टैंकर से पानी ढोती बच्चियां। संवाद
हल्द्वानी। राजपुरा में नलकूप खराब होने लोगों को टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है। टैंकरों आने पर भी में लोगों में पानी लेने के लिए झड़प की स्थिति हो रही है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
राजपुरा में पांच हजार लोगों को प्राथमिक विद्यालय के नलकूप से पानी मिलता है लेकिन बीते तीन दिनों से नलकूप ठप है। वहीं राजुपरा कैंट के नलकूप का संचालन भी मंगलवार को बिजली जाने से प्रभावित रहा। बार-बार बिजली आने-जाने से दस हजार की आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया। जल संस्थान की ओर से मंगलवार को राजपुरा में भेजे गए टैंकर से पानी लेने के लिए लोग उसके ऊपर चढ़ गए। इस दौरान पानी लेने के लिए खींचतान होती रही। सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत साहू ने जल संस्थान पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया। जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि नलकूप की मरम्मत की जा रही है लेकिन बिजली जाने से कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इधर, जल संस्थान ने अलग-अलग इलाकों में 27 टैंकरों से पांच चक्कर पानी बांटा।