हल्द्वानी। पंचायत चुनाव में वोटरों को रिझाने के लिए शराब की तस्करी तेज हो गई है। रविवार को काठगोदाम में चेकिंग के दौरान पुलिस ने पंचायत चुनाव में खपाने के लिए ले जाई जा रही नौ पेटी शराब पकड़ी। शराब की खेप होंडा सिटी कार और पिकअप से बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर दिया है।
जिले में पंचायत चुनाव की तिथि नजदीक आते ही प्रचार तेज हो गया है। प्रत्याशी शराब से अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। इस बीच पुलिस को शराब तस्करी रोकने के लिए सक्रिय कर दिया गया है।
रविवार को काठगोदाम थाना पुलिस मल्ला काठगोदाम गेट के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान होंडा सिटी कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन में चेकिंग के दौरान लाल रंग की चार पेटियों में अंग्रेजी शराब की 48 बोतल रखी थी। इस दौरान चालक कैलाश चंद्र सुयाल निवासी ग्राम सलड़ी अमृतपुर थाना भीमताल को गिरफ्तार किया गया। काठगोदाम थाना की ही दूसरी पुलिस टीम वन विभाग बैरियर से ऊपर वाहन चेकिंग कर रही थी। हैड़ाखान रोड पर पिकअप को रोका। पिकअप की तलाशी में पांच पेटी अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने मामले में नीरज सिंह निवासी मुरकुडिया हैड़ाखान काठगोदाम को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज जोशी के अनुसार दोनों मामलों में शराब पंचायत चुनाव में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।