रामनगर (नैनीताल)। रामनगर बाजार में भाजपा प्रत्याशी के कार्यक्रम के दौरान समर्थकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार को भाजपा प्रत्याशी का रामनगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बाजार के सर्राफा चौक पर किसी बात को लेकर समर्थकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर लात घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट होता देख व्यापारी सहम गए। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ तो शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। भाजपा विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि वीडियो में जो युवा मारपीट करते हुए दिख रहे हैं, उनका भाजपा से कोई नाता नहीं है। यह साजिश प्रतीत हो रही है, पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करें।
एक दर्जन पर दर्ज किया मुकदमा
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि सर्राफा चौक पर मारपीट के वायरल वीडियो के मामले में अजीत नेगी निवासी शांतिकुंज पीरूमदारा की तहरीर पर चंदन सागर निवासी लूटाबड़, हर्षित कोहली, मयंक उर्फ मंकु, पंकज पांडे, राबिन, प्रियाशु निवासी बसई, लक्की उर्फ भानुप्रताप निवासी पम्पापुरी रामनगर, सिकंदर, विशाल पासवान निवासी टांडा, अर्जुन किलर, युवराज गिल, अनुज सिंह निवासी चोरपानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।