हल्द्वानी में कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने या चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी होती है तो यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा सवाल है।
बुधवार को नैनीताल रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में विधायक सुमित ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर एसआईआर के नाम पर वोट की ताकत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का निर्वाचन आयोग को स्पष्ट, पारदर्शी व तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
वार्ता में महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी, हरीश मेहता, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी मौजूद रहे।
मेयर के चुनाव में भी हुई वोट चोरी : ललित जोशी
पत्रकार वार्ता में मौजूद कांग्रेसी नेता ललित जोशी का कहना था कि मेयर के चुनाव में वोट चोरी हुए। वह चुनाव जीत रहे थे लेकिन उन्हें सुनियोजित साजिश के तहत हरा दिया गया। उन्होंने मतों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि मेयर के चुनाव में कई बूथों पर जितने मत पड़े थे गिनती उससे कहीं अधिक मतों की हुई।