नैनीताल। फर्जी दस्तावेज पेश कर नौकरी हथियाने के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर मल्लीताल कोतवाली में एक युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में गोमती पूरन प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज रामनगर में प्रवक्ता के एक पद के लिए आवेदन मांगे थे।
इसके लिए सात लोगों ने आवेदन किया था। इसमें जवाहर ज्योति दमवाढूंगा निवासी मंजू आर्या को नियुक्ति दे दी गई। वहीं नियुक्ति के बाद नैनीताल निवासी हेमा देवी ने कम नंबरों के बावजूद मंजू आर्या को नियुक्ति देने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट के आदेश के बाद जांच करने में पाया गया कि मंजू आर्या ने नियुक्ति के लिए फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग कर नौकरी पाई थी। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए। उन्होंने बताया कि आरोपी युवती के खिलाफ आईपीसी की धारा 420,467,468,471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।