रामनगर (नैनीताल)। अज्ञात कारणों के चलते गार्ड ने घर में पंखे के कुंडे से लटक कर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्राम मानिला बिहार चोरपानी निवासी 40 वर्षीय जितेश डालाकोटी पुत्र महेश चंद्र भवानीगंज स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में गार्ड था। बुधवार को उसने अपने नए मकान में गृह प्रवेश भी किया था। बृहस्पतिवार रात परिवार के सभी सदस्य सो गए। देर रात पत्नी ज्योती की नींद खुली। उन्होंने जितेश को पंखे से लटके हुए देखा तो शोर शुरू कर दिया। घटना के बाद बच्चे समेत अन्य लोग जग गए। पिता महेश चंद्र ने बताया कि उनका पुत्र पिछले करीब 2 महीने से खाना भी नहीं खा रहा था और मानसिक रूप से तनाव में भी था। पूर्व में भी जितेश ने आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों के पता चलने वह बच गया था। फिलहाल उन्होंने अपने पुत्र की मृत्यु में किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद