बेरी पडाव स्थित बंद पडे गन्ना तौल केंद्र को शुचारू कराते विधायक नवीन दुम्का एवं साथ में किसान
- फोटो : HALDUCHOD
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। बेरीपड़ाव का गन्ना तौल केंद्र बंद करने से गुस्साए किसानों ने चीनी मिल के केन मैनेजर का घेराव किया और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर आंदोलन की चेतावनी दी। इस पर मिल के केन मैनेजर ने ट्रांसपोर्टर की वजह से तौल रोके जाने का हवाला दिया। इस बीच पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ने मिल प्रबंधक से वार्ता कर तौल केंद्र शुरू कराया।
शनिवार को बेरीपड़ाव स्थित गन्ना तौल केंद्र को अचानक बंद कर दिया गया। इस पर भड़के किसानों ने गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तौल केंद्र में खड़ा कर चीनी मिल के केन मैनेजर बीबी यादव को घेर लिया। केन मैनेजर ने कहा कि यह समस्या ट्रांसपोर्टर की लापरवाही से आ रही है, जिस ट्रांसपोर्टर को गन्ना ढुलान का ठेका दिया था, उसने काम करने से मना कर दिया है।
इस बीच किसानों ने क्षेत्रीय विधायक नवीन दुम्का से वार्ता कर उन्हें तौल सेंटर पर बुलाया। विधायक दुम्का ने चीनी मिल प्रबंधक से फोन पर वार्ता कर तौल केंद्र को शुरू कराया। विधायक ने केन मैनेजर यादव को सख्त हिदायत दी कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस दौरान पूर्व प्रधान संजय राणा, चंद्रशेखर पंत, मदन मोहन पंत, हीरा सिंह खोलिया, चंद्रशेखर कबडाल, मोहन राणा आदि थे।