तेजाब हमले के पीड़ितों का दर्द बांटने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सेंट्रल अस्पताल में बुधवार से नि:शुल्क परीक्षण एवं सर्जरी शिविर शुरू हो गया। पहले ही दिन नौ राज्यों से आए तेजाब हमले से पीड़ित 49 लोगों ने पंजीकरण कराया और डॉक्टरों से परामर्श लिया। इनमें से छह पीड़ितों की सर्जरी बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. के श्रीधर करेंगे। उत्तर भारत में यह अपनी तरह का पहला मुफ्त चिकित्सा शिविर है जिसमें एक साथ कई राज्यों के तेजाब पीड़ितों को स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
अमर उजाला फाउंडेशन ने सेंट्रल हास्पिटल और एसआईएमएस अस्पताल वाडापलानी चेन्नई के सहयोग से निशुल्क परीक्षण एवं सर्जरी शिविर आयोजित किया है। सेंट्रल हास्पिटल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. प्रकाश कुमार और अमर उजाला के विशेष आग्रह पर दिल्ली से आए एनाप्लास्टोलाजिस्ट डॉ. सचिन गुप्ता ने तेजाब हमले के पीड़ितों का परीक्षण किया।
देर शाम एसआईएमएस अस्पताल वाडापलानी चेन्नई से पहुंचे प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. के श्रीधर, डॉ. आर कृष्णमूर्ति, डॉ. के राघवेंद्रन, डॉ. श्यामनाथ कृष्णा पांडियन, डॉ. एस त्यागराजन, डॉ. जी विष्णु बाबू, सिस्टर सुनीता एवं सिस्टर आरोकिया मैरी ने भी तेजाब हमले के पीड़ितों का परीक्षण किया और उनकी काउंसिलिंग की।
स्क्रीनिंग के बाद अब छह पीड़ितों की प्लास्टिक सर्जरी बृहस्पतिवार को डॉ. के श्रीधर एवं उनकी टीम करेगी। बृहस्पतिवार को ही शुक्रवार को प्लास्टिक सर्जरी कराने वाले तेजाब पीड़ितों के नाम स्क्रीनिंग के बाद तय किए जाएंगे। सेंट्रल अस्पताल और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से डॉ. के श्रीधर, डॉ. आर कृष्णामृर्ति, डॉ. श्यामनाथ और उनकी टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आज इनकी होगी प्लास्टिक सर्जरी
बृहस्पतिवार को हापुड़ की 25 वर्षीय हिना, पीलीभीत निवासी 35 साल के बालकराम, बरेली निवासी 26 साल के कुलदीप यादव, हल्द्वानी के 11 साल के मोहम्मद फैजान, 12 साल की नाजिया और 06 साल केमोहम्मद शाहिद की प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी।