हल्द्वानी। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के न्यूरो सर्जन डॉ. अभिषेक राज ने न्यूरो से संबंधित बीमारी का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है। रानीखेत निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र नेगी बीते दो वर्षों से चलने में दिक्कत, चक्कर आना व हाथ-पैरों में अकड़न की समस्या से पीड़ित थे। कुछ समय पूर्व वह परिजनों के साथ न्यूरो सर्जरी की ओपीडी में पहुंचा। यहां न्यूरो सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की ओर से मरीज का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इसमें मरीज में एटलांटो-एक्सियल डिस्लोकेशन विद बेसिलर इनवेजिनेशन बीमारी की पुष्टि हुई। डॉ. अभिषेक ने बताया कि इस बीमारी में गर्दन के पहले और दूसरे कशेरूक के बीच का जोड़ अपनी जगह से खिसक जाता है। यह ऑपरेशन अत्यधिक जटिल माना जाता है जिसमें मरीज की जान जा सकती है। स्वस्थ होने पर मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया है। ऑपरेशन में न्यूरो सर्जन डॉ. अमित देवल, एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एके सिन्हा व नर्सिंग स्टाफ का योगदान रहा। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने चिकित्सकीय टीम को बधाई दी है। संवाद