भीमताल (नैनीताल)। बनभूलपुरा में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने बनभूलपुरा में अतिक्रमण की जद में आने वाले पांच सरकारी विद्यालयों के बच्चों की शिक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर ली है।
विभाग ने बनभूलपुरा के पांच विद्यालयों में बच्चों के पढ़ने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है ताकि अतिक्रमण संबंधित कार्रवाई होने पर प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं रहना पड़े। मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने हल्द्वानी के बीईओ को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए चयनित किए गए विद्यालयों में तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए हैं। सीईओ ने मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा है।
यह विद्यालय आ रहे हैं अतिक्रमण की जद में
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनभूलपुरा में छात्र संख्या 1087
- राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा में छात्र संख्या 410
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर छात्र संख्या 467
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा छात्र संख्या 271
- राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा छात्र संख्या 72
इन विद्यालयों में की गई है वैकल्पिक व्यवस्था
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हल्द्वानी छात्र संख्या 1174
- महात्मा गांधी इंटर कॉलेज हल्द्वानी छात्र संख्या 643
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर छात्र संख्या 336
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरेली रोड छात्र संख्या 134
- राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांधीनगर छात्र संख्या 191
कोट
बनभूलपुरा में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने पर क्षेत्र के प्रभावित होने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है। जिन विद्यालयों का चयन किया गया है, उनमें दो शिफ्टों में पढ़ाई होगी।
- केएस रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल