हल्द्वानी। यूओयू में पीएचडी सत्र अनियमित होने से छात्रों में नाराजगी है। पिछले सत्र (2022-23) के छात्रों के कोर्स वर्क के रिजल्ट अभी नहीं आए हैं। वहीं नए सत्र की प्रवेश परीक्षाएं भी अब तक नहीं हुई हैं।
यूओयू में पिछले साल दिसंबर में पंजीकृत 36 शोधार्थियों का कोर्स वर्क छह माह में पूरा होना था लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी कोर्स वर्क की परीक्षा के रिजल्ट नहीं मिले हैं। इस कारण छात्रों को न तो गाइड मिले हैं और न ही शोध टाइटल एप्रूव हो पाए हैं। रिसर्च में लेटलतीफी और अन्य आयाम में बेहतर प्रदर्शन नहीं होने के कारण नेक ग्रेडिंग में विवि को ग्रेडिंग कम मिली थी। अब तक विवि की व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं आई हैं। शोध एवं नवाचार के डायरेक्टर प्रो. गिरिजा प्रसाद पांडे का कहना है कि कोर्स वर्क के रिजल्ट जल्द ही जारी होंगे। इस सत्र की परीक्षाएं 28, 29, 30 और एक दिसंबर को सुबह 11 बजे से एक बजे तक आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि नैक ग्रेडिंग में सुधार लाने के लिए शोध को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। जल्द ही शोधार्थियों को विज्ञान भवन की सुविधा मिलेगी। शोध के लिए फंडिंग लाने, सेमिनार आयोजित करने समेत अन्य प्रयास किये जा रहे हैं। इस साल के दीक्षांत समारोह में चार शोधार्थियों को उत्कृष्ट शोध के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे।