हल्द्वानी। मूल्यांकन में गड़बड़ी और पीजी में सीटें बढ़ाने के मामले में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रों ने बृहस्पतिवार को प्राचार्य कक्ष के बाहर प्रदर्शन किया और कुमाऊं विवि के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि बीए, बीएससी, बीकॉम के द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं की उत्तरपुस्तिका को जांचने में काफी गड़बड़ियां हुई हैं।
बीए तृतीय वर्ष के समाजशास्त्र की उत्तरपुस्तिका में परीक्षक ने प्रत्येक उत्तरों को चेक किए बिना सीधे काट दिया है और विद्यार्थियों को शून्य अंक दिए हैं। इधर प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने इस संबंध में कुमाऊं विश्वविद्यालय को पत्र भेजा है। छात्रों ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में यश कुमार, उमाशंकर तिवारी, चंदन सिंह मेवाड़ी, गौतम सिंह, मयंक प्रसाद, प्रियांशु तिवारी, रूद्रप्रताप सिंह और बादल सिंह आदि थे। संवाद