हल्द्वानी। इंस्प्रेशन स्कूल में अंतरविद्यालयी बास्केटबाल चैंपियनशिप का शनिवार को समापन हो गया। वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की ओर से इंस्प्रेशन स्कूल में तीन दिवसीय बास्केटबाल चैंपियनशिप आयोजित की गई।
अंतिम दिन सेमीफाइनल मैच बालिका वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल और बीएलएम स्कूल, दूसरा मैच निर्मला एवं बिरला पब्लिक स्कूल के मध्य खेला गया। इसमें 31-18 के साथ इंस्प्रेशन स्कूल और 17-6 अंकों से निर्मला स्कूल ने शानदार जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
बालक वर्ग में पहला मैच इंस्प्रेशन स्कूल एवं सेंट थेरेसा स्कूल, दूसरा मैच बिरला स्कूल और गुरुकुल स्कूल के मध्य खेला गया। इसमें 50-24 के साथ इंस्प्रेशन स्कूल और 40-32 अंकों से बिरला स्कूल ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मैच बालिका वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल एवं निर्मला स्कूल, बालक वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल और बिरला स्कूल के बीच हुआ। बालिका वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल ने निर्मला स्कूल को 38-18 अंकों और बालक वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल ने बिरला स्कूल को 56-33 से हराकर शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
रनर अप ट्राफी बालकों में बिरला स्कूल एवं बालिकाओं में निर्मला स्कूल को मिली। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बालक वर्ग में इंस्प्रेशन स्कूल के पवन कार्की एवं बालिका वर्ग में इंस्प्रेशन की ही निकिता मिश्रा को मिला। बालिकाओं में बेस्ट शूटर का अवार्ड निर्मला स्कूल की महिमा चुफाल और बालकों में इंस्प्रेशन स्कूल के पीयूष भट्ट को मिला।
मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बालकों में गुरुकुल स्कूल के रक्षित धामी और बालिकाओं में इंस्प्रेशन स्कूल की चित्रायनी शीतल को दिया। राइजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बालकों में बिरला स्कूल के रितिक ममगेन और बालिकाओं में बीएलएम की बरखा जोशी को दिया गया।
मोस्ट डिसिप्लेंड टीम का खिताब बीएलएम एकेडमी की बालिकाओं ने जीता। संचालन अंकुश रौतेला, सावन मेहरोत्रा, डीके भट्ट, प्रदीप सिंह, मनोहर, ललिता शर्मा, सुमित दास, हयात सिंह, पल्लवी रावत, अमित सिंह ने किया। इस मौके मनी पुष्पक जोशी, एमसी डालाकोटी, संजय बल्यूटिया, कैलाश भगत, सीमा धानिक, राधा ऐठानी आदि थे।