एल बी एस हल्दूचौड़ के बीएसी प्रथम सेमेस्टर के छात्र की नदी मे डूबने से मौत, मृतक मोहित पांडे का फाई
- फोटो : HALDUCHOD
हल्दूचौड़/लालकुआं(नैनीताल)। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गौला नदी में डूबने से मौत हो गई। नदी किनारे मिले कपड़ों की परिजनों ने शिनाख्त की, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार सुबह बिंदुखत्ता के इंदिरानगर निवासी मोहित (18) पुत्र कथावाचक बाल कृष्ण पूरन चंद्र पांडे रोज की तरह गौला नदी की ओर दौड़ने गया था। कई घंटे बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। बाद में परिजनों ने गौला नदी में उसकी तलाश की, जहां मोहित का शव पानी में उतराया मिला। परिजन बचने की उम्मीद से मोहित को हल्द्वानी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार मोहित सेना में जाने की तैयारी कर रहा था और रोज ही दौड़ लगाने का अभ्यास कर रहा था। मोहित के पिता ने बताया कि उनके बेटे के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और कपड़े, घड़ी आदि नदी के किनारे पड़े मिले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक मोहित तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था और वह लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में बीएससी प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। मोहित की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा गया।