बीती रात्रि चोरों ने देवी मंदिर परिसर से दो छत्र चोरी करने के साथ ही एक मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर लाखों रुपए मूल्य के रिचार्ज कूपन, मोबाइल फोन और साढ़े तीन हजार की नकदी चुरा ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामगढ़ तिराहे में स्थानीय निवासी कासिम अहमद पुत्र सईद अहमद की मोबाइल शॉप है। बृहस्पतिवार सुबह कासिम दुकान में पहुंचा तो ताला टूटा हुआ था और दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया।
दुकान स्वामी कासिम ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि चोरों ने उसकी दुकान से तीन लाख रुपए के रिचार्ज कूपन और मोबाइल फोन समेत साढ़े तीन हजार की नकदी चोरी की है। दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इधर, बीती रात ही यहां स्थित देवी मंदिर परिसर में बने शनि मंदिर और देवी मंदिर से चोरों ने मिश्रित धातु के दो छत्र चोरी कर लिए। मंदिर के पुजारी दिपेश कपिल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एक रात में दो स्थानों पर चोरी की वारदात से व्यापारियों में गुस्सा है।
व्यापारियों का कहना है कि दो माह पहले भी मंदिर में चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक उसका भी खुलासा नहीं कर सकी है। इधर, कोतवाल हरीश चंद्र पांडा ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है।