नैनीताल के भवाली मोटर मार्ग में युवक की लवाशि बाईक खड़ी हुई।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। भवाली रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास पहुंचे एक युवक और युवती को इनोवा सवार कुछ लोग उठा ले गए। युवक-युवती के कथित अपहरण की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके से मिली बाइक की जांच-पड़ताल के बाद पता चला कि मामला प्रेम-प्रसंग का है और प्रेमी-प्रेमिका को उनके परिजन ही यहां से अपने साथ ले गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
घटनाक्रम के मुताबिक मंगलवार दोपहर में एक युवक और युवती बाइक से भवाली रोड स्थित कैलाखान के पास पुरानी चुंगी के पास पहुंचे और बाइक रोकने के बाद पैरापिट पर बैठकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान भवाली से नैनीताल की ओर आ रही इनोवा कार में सवार युवकों ने दोनों को जबरन कार में बैठाया और भवाली की ओर रवाना हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपहरण का अंदेशा जताते हुए तल्लीताल पुलिस को सूचना दी।
इस पर थानाध्यक्ष विजय मेहता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस को लावारिस हालत में बाइक (यूके 18 एफ-3454) मिली। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये बाइक काशीपुर निवासी साजिद निवासी सरकरा बाजपुर के नाम से पंजीकृत है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक स्वामी के घर पर संपर्क करने से पता चला कि साजिद का छोटा भाई जावेद (23) गांव की ही एक युवती को साथ लेकर पांच जनवरी को घर से चला गया था। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को खोजबीन करते हुए युवक के परिजन जैसे ही भवाली रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास पहुंचे तो ये दोनाें नजर आ गए। इसके बाद परिजन दोनों को इनोवा में बैठाकर ले गए। थानाध्यक्ष मेहता ने बताया कि युवक-युवती दोनों ही अपने घरों पर सुरक्षित पहुंच गए हैं। इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।