रामनगर। काशीपुर-रामनगर रोड स्थित ग्राम टांडा क्षेत्र में टेंपो की स्टेपनी बदल रहे टेंपो चालक को रामनगर की ओर से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि घायल बाइक सवार को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर शाम गूलरघट्टी निवासी 55 वर्षीय टेंपो चालक इकबाल अहमद पुत्र अब्दुल रसीद टेंपो से पीरूमदारा जा रहा था। रास्ते में टांडा क्षेत्र के पास उसके टेंपो का टायर पंचर हो गया। इस पर इकबाल टेंपो को सड़क किनारे लगाकर स्टेपनी बदल रहा था। तभी काशीपुर की ओर से आ रहे टांडा मल्लू निवासी विजेंद्र सिंह ने टेंपो चालक इकबाल को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को रामनगर के निजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने इकबाल को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद विजेंद्र को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है।