रामनगर। जनता के घरों को उजाड़ने पर रोक लगाने की मांग के लिए चार जनवरी को संयुक्त संघर्ष समिति का रामनगर में राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा। इस सफल बनाने के लिए समिति का जनसंपर्क अभियान बृहस्पतिवार को नई बस्ती पूछड़ी में शुरू हुआ। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है। वन विभाग और पुलिस-प्रशासन न तो माननीय हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का अनुपालन कर रहा है और न ही वह देश की संसद की ओर से पारित वनाधिकार कानून 2006 मानने के लिए तैयार है। समिति ने ग्रामीणों से चार जनवरी को सुबह 11 बजे श्री आदर्श रामलीला कमेटी परिसर भवानीगंज रामनगर में आयोजित जन सम्मेलन में पहुंचने की अपील की है। बैठक में संयोजक मुनीष कुमार, प्रभात ध्यानी, आसिफ अली, सरस्वती जोशी, अंजलि रावत, मोहन सिंह, भुवन चंद्र आदि ने विचार रखे।