हल्द्वानी। शराब के नशे में वाहन चलाना आठ चालकों पर भारी पड़ गया। काठगोदाम पुलिस ने सोमवार को हैड़ाखान के पास चेकिंग के दौरान पांच बाइक और तीन कार चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा। इनके खिलाफ एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आठों वाहन सीज कर दिए गए।
ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग एवं स्टंट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। हैड़ाखान मार्ग पर काठगोदाम पुलिस ने 120 वाहनों की चेकिंग की। थाना प्रभारी काठगोदाम पंकज जोशी ने बताया कि हल्द्वानी निवासी प्रमोद राजपूत व चंचल जोशी और ऋषिकेश निवासी अंकित जायसवाल नशे में बाइक चल रहे थे। इसके अलावा यूएस नगर के कार चालक रमेश सिंह , काठगोदाम के मनीष कुमार और हल्द्वानी के विरेंद्र कुमार व सतीश शर्मा को भी चालान काटने के बाद गिरफ्तार किया गया। कुसुमखेड़ा के शुभम गुर्रानी का भी चालान किया गया। 31 व्यक्तियों के खिलाफ एमवी एक्ट की कार्रवाई कर 14,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। विभिन्न जगहों से सात हुड़दंगियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान हुआ। इनसे 1750 रुपये वसूले गए।