नैनीताल। नगर पालिका नैनीताल की वर्तमान बोर्ड ओर से बीते पांच वर्ष में नगर में करीब सवा सात करोड़ रुपये से सड़कों के रखरखाव समेत सौंदर्यीकरण व अन्य कार्य किए गए। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि कई योजनाओं को वह धरातल पर नहीं उतार सके। नगर पालिका की वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल के अंतिम दिन शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी समेत कई सभासद पालिका कार्यालय में मौजूद रहे। हालांकि पालिकाध्यक्ष के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज होने के कारण एसडीएम केएन गोस्वामी प्रशासक का कार्यभार देख रहे हैं।
नगर पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने बताया कि उन्होंने अपने घोषणापत्र के 90 फीसदी कार्य पूरे किए हैं। नगर में 66 वाटर कूलेंट लगाने, डॉग पाउंड का निर्माण, हर वार्ड को सड़क से जोड़ने, नारायण नगर में पुतली-मलियानी सड़क समेत अन्य कार्य कराए। वहीं, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान पूरे नगर में लागू नहीं हो सका। वेंडर जोन, बारापत्थर में चुंगी की स्थापना और सीवर का कार्य कुछ वार्ड में नहीं हो सका।
प्रशिक्षु आईएएस राहुल आनंद को ईओ का जिम्मा
नैनीताल। वर्ष 2022 बैच के प्रशिक्षु आईएएस राहुल आनंद ने शुक्रवार को नैनीताल पालिका के अधिशासी अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि सफाई उनकी प्राथमिकता रहेगी। हर कार्य का नियोजन किया जाएगा। नैनीताल पालिका की आर्थिक दिक्कतों के बाबत पड़ताल कर सुधारात्मक पहल की कोशिश की जाएगी।
पांच साल में भीमताल और भवाली में हुए करोड़ों के काम
भीमताल नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया और भवाली नगर पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने अपने-अपने शासनकाल में करोड़ों की लागत से विकास कार्य कराने के दावे किए हैं। वहीं करोड़ों के प्रस्ताव शासन में लंबित होने की बात भी कही है।
भीमताल नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया ने कहा कि नगर में 4.50 करोड़ से सीसी और टाइल्स रोड, 8.50 करोड़ से प्रकाश पथ की व्यवस्था, सफाई उपकरण और जिम, पार्कों के सौंदर्यीकरण पर सवा दो करोड़ रुपये खर्च किए गए। वहीं, कैंचुली मंदिर का पथ मार्ग, तिकोनिया और थाने के पास पॉकिट पार्किंग, बोट स्टैंड का निर्माण और भीमताल में पार्किंग नहीं बना पाए। वहीं, भवाली नगरपालिका अध्यक्ष संजय वर्मा ने नगर क्षेत्र में 200 करोड़ से विकास कार्य कराने का दावा किया है। कहा कि प्रमुख कार्यों में 12 करोड़ से भवाली में रोडवेज पार्किंग का निर्माण, 12 करोड़ से लकड़ी टाल स्थित पार्किंग और शॉपिंग कांप्लेक्स, दो करोड़ से सड़क और पेयजल के कार्य, 10 करोड़ से फरसौली में रोडवेज कार्यशाला के अलावा वार्डों में मोटर मार्ग, सीसी, नाली, दीवारों के निर्माण पर 22 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। फरसौली स्थित नगर पालिका की पांच नाली भूमि पर 2.30 करोड़ की लागत से गोसदन बनवाया।