हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने बृहस्पतिवार देर शाम नगर निगम क्षेत्र में स्थित छोटी मुखानी, बसंत विहार, गणेश विहार, जेके पुरम, रूपनगर व जज फार्म आदि का पैदल भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं। लोगों से बातचीत के बाद डीएम ने बिजली, पानी, सिंचाई गूल, स्ट्रीट लाइट, नालियों पर अतिक्रमण जैसी समस्याओं को शीघ्र हल कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
डीएम ने राजस्व, सिंचाई, नगर निगम और लोनिवि के अधिकारियों को सरकारी संपत्ति पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित कर करवाई के निर्देश दिए। डीएम को मुखानी बसंत बिहार में नालियों में कचरा भरा मिला और स्लैब ऊबड़ खाबड़ स्थिति में मिले। उन्होंने सिंचाई विभाग और नगर निगम को नालियों की सफाई कराने को कहा। रूपनगर स्थित सिंचाई विभाग की गूल में कचरा और अतिक्रमण नजर आया। लोगों ने डीएम को बताया कि कुछ लोगों ने नाली के बीच से पाइप डालकर फाइबर केबल डाली है जिससे नाली बंद हो जाती है और जलभराव होता है। डीएम ने नाली से पाइप शिफ्ट करवाने के निर्देश दिए। डीएम ने मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा को सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने को कहा। डीएम ने निरीक्षण के दौरान मिले लीकेज बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर के किचन का पानी सड़क पर छोड़ने वालों पर भी कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने जज फार्म में सिंचाई विभाग को नहर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। यहां निवर्तमान मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला और कई अधिकारी रहे।
लाइनमैन को बदलने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान गणेश विहार के लोगों ने डीएम को बताया कि जल संस्थान का लाइनमैन अधिकतर नशे की हालत में रहता है। इस पर डीएम ने जल संस्थान और नलकूप विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या को हल कराने और लाइनमैन को बदलने के निर्देश दिए।