चालक और परिचालक को पीटकर ट्रक लूट की घटना के मामले में एसएसपी ने स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी टीम को लगा दिया है। इस घटना के पांच दिन बाद भी लुटेरे पुलिस हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस दो संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।
पीलीभीत जिले के सायर पिलकपुर निवासी चालक अनिल मिश्रा (35) खटीमा के रामचंद्र का ट्रक यूपी 25-9762 चलाता है। 10 मार्च की रात वह परिचालक विनीत अवस्थी के साथ गोरापड़ाव में सड़क किनारे ट्रक खड़ाकर केबिन में सो गया था। इस बीच बदमाशों ने चालक-परिचालक को चाकू दिखाकर बदमाशों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। लुटेरों ने दोनों के पास से 11 हजार रुपए और दोनों के मोबाइल लूटकर भी शांत नहीं हुए। उन्होंने चालक और परिचालक को जंगल में एक पेड़ से बांधकर ट्रक लेकर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में बरेली और मुरादाबाद तक गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले में एसओजी की टीम दो लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को अभी लुटेरों के अहम सुराग हाथ नहीं लग सके हैं।