चंपावत। जिले में सोशल मीडिया भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए युवाओं का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। खेतीखान-तपनीपाल रोड और जौलाड़ी से डिग्री कॉलेज तक बन रही रोड का मामला स्थानीय युवाओं की ओर से फेसबुक और व्हाट्सएप पर वायरल करने के बाद डीएम विनीत तोमर ने सख्त निर्देश देते हुए दोनों सड़कों में काम रुकवा कर जांच के आदेश दे दिए हैं।
इसी तरह का एक मामला चंपावत विधानसभा क्षेत्र में चल्थी-सिलाड़ रोड का भी आया है। जिसमें गांव के ही कुछ युवाओं ने वीडियो को फेसबुक और व्हाट्सएप में वायरल किया है। जिसमें सड़क में उखड़ा हुआ डामर साफ दिख रहा है। गांव के जागरूक युवा संजय चौड़ाकोटी, मनोज कुमार, बसंत चौड़ाकोटी, नवीन आदि ने बताया कि कई बार सड़क की घटिया गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार और अपर सहायक अभियंता को बताया गया, लेकिन विभाग की ओर से उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने बताया कि अगर शीघ्र सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं लाया गया तो डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
जिले में चल्थी-सिलाड़ सड़क में अभी डामरीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क का कई बार निरीक्षण किया गया है, डामर उखड़ने संबंधी शिकायत नहीं मिली है। ग्रामीणों की शिकायत है तो एक बार फिर से निरीक्षण कराया जाएगा। - कमलेश जोशी, ईई, ग्रामीण निर्माण विभाग।
विधानसभा में भी उठ चुका है भ्रष्टाचार का मामला
चंपावत। जिले में निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी सड़क में भ्रष्टाचार का मामला लोहाघाट विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने विधानसभा में उठाया था। लेकिन खेतीखान-तपनीपाल और जौलाड़ी-डिग्री कॉलेज सडक़ में घटिया डामरीकरण को लेकर उनका कोई बयान या सफाई नहीं आई है।