हल्द्वानी। शहर की एक बेटी स्नेहा पांडे ने सेना में कमीशन प्राप्त किया है। प्रशिक्षण लेने के बाद अब वह लेफ्टिनेंट बन गई हैं। स्नेहा इंफोसिस की नौकरी छोड़कर सेना में गई हैं।
गायत्री कालोनी मल्ली बमौरी में रहने वाले रिटायर्ड सिविल इंजीनियर महेश चंद पांडे ने बताया कि वह मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के घुसौ गांव के रहने वाले हैं। उनकी बेटी स्नेहा ने एयरफोर्स स्कूल इज्जतनगर बरेली से हाईस्कूल किया था। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय हिसार से इंटर किया।
चेन्नई स्थित एसआरएम यूनिवर्सिटी से 2017 में बीटेक (ईसीई) किया। हाईस्कूल से लेकर बीटेक तक स्नेहा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। डेढ़ साल तक वह इंफोसिस कंपनी में सिस्टम इंजीनियर के पद पर काम कर चुकी हैं। सितंबर 2019 में उसने आफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई में प्रशिक्षण लिया।
इंजीयिरिंग कैटेगरी में उसने प्रथम स्थान हासिल किया है। बेटी के सेना में अधिकारी बनने पर मां तारा पांडे काफी खुश हैं। स्नेहा का छोटा भाई प्रांशु पांडे ने तमिलनाडु के बीआईटी बैल्लूर से बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) किया है। मल्ली बमौरी के पूर्व ग्राम प्रधान मुकुल बल्यूटिया और पार्षद गीता बल्यूटिया ने स्नेहा को बधाई दी है।