किच्छा। लकड़ी तस्करों ने सरकारी जमीन पर लगे पाॅपुलर के 25 पेड़ों पर आरी चला दी। बेखौफ तस्कर लकड़ी लेकर फरार हो गए। पटवारी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पटवारी मो. अनस ने पुलिस को बताया कि वह इंदरपुर तहसील में तैनात हैं। ग्राम बहराबोझ के खाता संख्या 00001 खसरा संख्या छह रकवा 14.1710 है। यह जमीन श्रेणी 5-1 नई परती में दर्ज है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह क्षेत्र में भ्रमण के लिए गए थे। इस दौरान खसरा संख्या छह में लगे पॉपुलर के 25 पेड़ गायब मिले। मौके पर पहुंचकर देखा तो पेड़ों के खूंट नजर आए। इसकी सूचना उन्होंने तहसीलदार को दी। तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लिया और तस्करों पर प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा। सीओ बीएस धोनी ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।