रामनगर। नगर के वार्ड नंबर एक पंपापुरी में बन रहे पार्क की बाउंड्री की चेन फेंसिंग काटने के मामले में स्थानीय लोगों का गुस्सा फुट गया। उन्होंने डीएफओ कार्यालय में नारेबाजी कर एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को एसडीओ अंकित बडोला को सौंपे ज्ञापन में सभासद नवीन सुनेजा ने कहा कि शनिवार की रात कुछ अज्ञात अराजक तत्वों ने नवनिर्मित पार्क की चेन फेंसिंग को काटकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने पार्क में सीसीटीवी कैमरे, प्रस्तावित गेट का जल्द निर्माण कराने और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान गोविंद सिंह बंगारी, जसवंत सिंह, अमर सिंह बोरा, रतन सिंह भाकुनी, रमेश बिष्ट, राधे सिंह, प्रकाश सत्यवली, जयंती रावत समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद