नैनीताल। एक वर्ष से बंद पड़ी लोअर मालरोड पर जल्द ही वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में ड्रिलिंग का काम पूरा करने के बाद स्लैब निर्माण शुरू कर दिया है। अब तक 40 मीटर लंबे स्लैब में से 20 मीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। विभाग का लक्ष्य इसी महीने आखिरी सप्ताह तक ट्रीटमेंट कार्य पूरा कर सड़क को यातायात के लिए खोलने का है।
सितंबर 2025 में लोअर मालरोड के बड़े हिस्से में धंसाव होने के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। इसके बाद लोनिवि ने अक्तूबर में क्षतिग्रस्त हिस्से के ट्रीटमेंट का काम शुरू किया लेकिन निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कार्य में देरी को लेकर मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने धरना भी दिया था। इसके बाद लोनिवि ने 10 अक्तूबर तक मालरोड को यातायात के लिए खोलने का आश्वासन दिया था लेकिन निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं हो सका। लोनिवि के सहायक अभियंता तुला राम टम्टा ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से में स्लैब डालने का काम शुरू कर दिया गया है। कुल 40 मीटर स्लैब का निर्माण होना है, जिसमें से 20 मीटर का काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य पूरा करने के बाद अक्तूबर के आखिरी सप्ताह तक सड़क को यातायात के लिए खोलने की तैयारी है।