हल्द्वानी से काठगोदाम की तरफ कार से जा रहे एक युवक ने पुलिस कांस्टेबल समेत करीब छह लोगों पर टक्कर मारकर उन्हें घायल कर दिया। बैखोफ होकर कार चला रहे इस युवक को काफी देर तक पीछा करने बाद पुलिस ने पनियाली के समीप दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिट एण्ड रन का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार दमुवाढुंगा निवासी प्रतीक कुमार बृहस्पतिवार को दिन में करीब साढे तीन बजे सैंट्रो कार से हल्द्वानी के काठगोदाम की तरफ जा रहा था। उसकी कार में दो अन्य युवक भी सवार थे। एसडीम कोर्ट के समक्ष पहुंचते ही उसने वनभूलपुरा थाने में तैनात कांस्टेबल रिजवान पर पर टक्कर मार दी।
वह कांस्टेबल को कुछ दूर तक कार के बोनट से घसीटते हुए ले गया। जैसे तैसे उसने अपनी जान बचाई। कांस्टेबल रिजवान मौके घायल हो गया। लोगों ने आवाज लगाकर उससे कार रोकने को कहा। लेकिन उसने लोगों की एक भी नहीं सुनी।
इस दौरान सीओ आरएस ह्यांकी और अन्य पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। वह तेज रफ्तार से आगे बढ़ता गया। बताया जा रहा है उसने तिकोनिया रोड और पानी की टंकी के समीप करीब उसके बरेली रोड निवासी अशोक मुलानी, शीश महल मोहल्ला निवासी चंद्र शेखर, मो. दानिश समेत करीब छह अन्य लोगों को भी घायल कर दिया।
काफी देर तक पीछा करने बाद पुलिस ने इसे पनियाली के समीप दबोच लिया। कोतवाल राम सिंह मेहता ने बताया कि घायल लोगों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्रतीक कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हिट एंड रन का मुकदमा दर्ज किया गया है।