हल्द्वानी। भीषण गर्मी और इधर... छह घंटे बिजली कटौती से हजारों लोग परेशान हो गए। पूरे शहर में दोपहर से शाम तक बिजली नहीं थी। कमलुवागांजा से आने वाली मुख्य लाइन में खराबी आने की वजह से कटौती की गई।
शुक्रवार का दिन बीते दिनों की अपेक्षा ज्यादा गर्म रहा। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। दोपहर करीब 2.21 बजे बिजली की रोस्टिंग शुरू हो गई। लोग गर्मी में और परेशान हो उठे। रोस्टिंग 3.45 बजे तक जारी रही। बाद में बिजली आने से लोगों को राहत मिली ही थी कि शाम को फिर से कालाढूंगी रोड क्षेत्र में बिजली कटौती हो गई। जब ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि कमलुवागांजा से आने वाली मुख्य लाइन में खराबी आने की वजह से बिजली गुल हुई है जिस वजह से कालाढूंगी चौराहा और 13 बीघा सब स्टेशन के क्षेत्र में आने वाले इलाकों में बिजली कट गई है।
मोमबत्ती जलाकर सड़कों पर उतरे लोग
हल्द्वानी। शहर में हो रही बिजली कटौती पर लोगों का पारा चढ़ने लगा है। शुक्रवार शाम ऊर्जा निगम को आईना दिखाने के लिए लोग मोमबत्ती लेकर सड़कों पर उतर आए। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंगल पड़ाव और बरेली रोड क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने बिजली कटौती से परेशान होकर पांडे बगीचा में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मोमबत्ती जलाई और कहा कि गर्मी के मौसम में लगातार बिजली कटौती हो रही है। बिजली के दाम दिन-रात बढ़ रहे हैं लेकिन बिजली देने में ऊर्जा निगम पूरी तरह से विफल साबित हो रहा है। प्रदर्शन में अमित रावत, मीना भंडारी, तुलसी देवी, शोभा गोस्वामी, विजय लक्षी देवी, भावना गोस्वामी, चंपा देवी, प्रेम गोस्वामी, मयंक गोस्वामी, सौरभ, विवेक कश्यप, अमित गोस्वामी थे।
बंद हुए इनवर्टर, डिस्चार्ज हुए मोबाइल
हल्द्वानी। घंटों बिजली कटौती से लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी बंद हो गए। इधर रात 10 बजे बिजली कटौती फिर शुरू कर दी। करीब 40 मिनट के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
कोट
दिन के समय रोस्टिंग की वजह से बिजली काटी गई थी। बाद में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। -डीडी पांगती, ईई ग्रामीण, ऊर्जा निगम
कमलुवागांजा से आने वाली मुख्य लाइन शाम को खराब हो गई। टीम ने जंगल में जाकर लाइन की मरम्मत की। -संजय कुमार तिवारी, ईई नगरीय, ऊर्जा निगम
-
तापमान 35 डिग्री पार
हल्द्वानी। बारिश रुकने से मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार नैनीताल जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।