फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपेक्षा पर उबाल, दिनभर चला सियासी बवाल

Thu, 25 Feb 2016 01:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी।
विज्ञापन
विज्ञापन
गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में हुए द ग्रेट खली रिटर्न्स शो में वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश की लगातार उपेक्षा बुधवार को कांग्रेस को भारी पड़ गई। स्टेडियम और आयोजन से अपनी विधायक की उपेक्षा से समर्थक आक्रोशित हो गए।
विज्ञापन


उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के सक्षम मुख्यमंत्री और उनके औद्योगिक सलाहकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। समर्थकों ने अपनी विधायक के पक्ष में नारेबाजी करते हुए शो में न जाने का एलान कर दिया।

अपनी नेता और पास की फजीहत पर आक्रोशित समर्थक बुधवार सुबह ही वित्तमंत्री आवास पर पहुंच गए। समर्थकों ने अपनी विधायक के पक्ष में जमकर नारेबाजी कर समर्थन जताया। समर्थकों में स्थानीय विधायक और मंत्री की अनदेखी को लेकर खासा आक्रोश था।
विज्ञापन


 सुबह करीब 10:45 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय वित्तमंत्री को प्रदेश कांग्रेस की बैठक में बुलाने के लिए पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के सामने ही वित्तमंत्री समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।

समर्थकों ने मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार के खिलाफ नारे लगाए। उपाध्याय के बाहर निकलने पर समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली। इस दौरान उपाध्याय के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।

 वित्तमंत्री की उपेक्षा की खबर मिलने के साथ ही देहरादून में बैठे मुख्यमंत्री हरीश रावत सक्रिय हो गए। उन्होंने पहले फोन कर वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश को मनाने का प्रयास किया। सूत्रों की माने तो वित्तमंत्री ने जवाब दिया कि मैं अंदर फोटो खिंचवाऊं और तनावग्रस्त समर्थक एवं छात्रसंघ के लोग सड़क पर टहलें तो क्या संदेश जाएगा।

सीएम ने मंडी परिषद के अध्यक्ष सुमित हृदयेश से बात कर कहा कि शो का उद्घाटन वित्तमंत्री को करना है। सुमित ने जवाब में कहा कि आप से पता चल रहा है कि वित्तमंत्री को उद्घाटन करना है, हम लोगों को पहले से कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इधर, सूत्रों के मुताबिक मंगलवार देर रात वित्तमंत्री के घर शो के पास पहुंचाए गए, जिन्हें लौटा दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार और शो के कर्ताधर्ता रंजीत रावत बुधवार को वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश से बात करने के लिए उनके घर जाना चाहते थे।

 उन्होंने वित्तमंत्री से फोन पर बात कर आवास पर आने की बात कही। समर्थकों का हुजूम और आक्रोश देख वित्तमंत्री ने उन्हें आने से मना कर दिया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में राष्ट्रीय खेलों को लाने वाले इंडियन ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता को भी आयोजक भूल गए।

वित्तमंत्री को मनाने के लिए मुख्यमंत्री शाम करीब 4:45 उनके आवास ‘संकलन’ पहुंच गए। बंद कमरे में मुख्यमंत्री हरीश रावत और वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के बीच करीब 45 मिनट बात हुई।

 बातचीत के बाद बात बन गई और वित्तमंत्री मुख्यमंत्री के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में द ग्रेट खली रिटर्न्स शो का शुभारंभ करने पहुंचीं। इससे पहले सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वित्तमंत्री बड़े कद और बड़े दिल की नेता हैं, छोटी-छोटी बातों से नाराज नहीं होती हैं।

मुख्यमंत्री रावत के संकलन पहुंचने पर मंडी परिषद अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के बीच 45 मिनट तक बात हुई। इस बीच मुख्यमंत्री ने मंडी परिषद के अध्यक्ष सुमित हृदयेश के अलावा छात्रसंघ के पदाधिकारियों से बात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मेरा भी योगदान हैं। वित्तमंत्री की भूमिका अहम हैं और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की समय-समय पर वे मानीटरिंग करती रहेंगी। कहा कि औद्योगिक सलाहकार रंजीत रावत को तो सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था के लिए समन्वय बनाने की जिम्मेदारी देकर भेजा था।

रेसलिंग के आयोजक नए लोग हैं और राजनीति से उनका कोई मतलब नहीं है। सीएम ने कहा कि वित्तमंत्री बड़े कद और दिल की नेता हैं छोटी-छोटी बातों पर नाराज नहीं होती हैं।

 वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि मुख्यमंत्री ने छात्रसंघ के पदाधिकारियों को देहरादून में होने वाले शो के लिए पास और बसें भेजने की बात कही है। मुख्यमंत्री से अन्य मामलों पर भी बात हो गई है। सीएम के साथ कार में बैठकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ रेसलिंग शो में जा रही हूं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें